– सैलाना जाने से पूर्व सालाखेड़ी पर गर्मजोशी से स्वागत, पटवारी ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
सैलाना, वंदेमातरम् न्यूज। मालवा के गांधी और आदिवासी अंचल के सर्वमान्य नेता प्रभुदयाल गेहलोत की 90वीं जयंती मंगलवार को धूमधाम से मनाई गई। सैलाना के नेहरू मार्ग स्थित धर्मशाला में आयोजित मुख्य समारोह में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत की उपस्थिति हुआ। इसके पूर्व कृषि मंडी के पास मोती बंगला में स्थापित पूर्व मंत्री और 7 बार के विधायक प्रभुदयाल गेहलोत की आदमकद प्रतिमा पर प्रदेश अध्यक्ष पटवारी सहित पूर्व विधायक गेहलोत ने माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला भी मौजूद थे। सैलाना जाने से पूर्व रतलाम सीमा में प्रवेश के दौरान मीडिया से मुखातिब होकर प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा।

मुख्य समारोह में प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने मालवा के गांधी प्रभुदयाल गेहलोत के कार्यों का याद किया। पटवारी ने कहा कि सैलाना विधानसभा के कद्दावर व्यक्तित्व रहे प्रभुदयाल गेहलोत ने अभावग्रस्त जीवन और संघर्ष करते हुए पूरे प्रदेश में अपना लोहा मनवाया था। इंदौर के कॉलेज में प्रोफेसर की नौकरी छोडक़र जनता की पुकार पर वर्ष 1967 में सैलाना विधानसभा सीट से चुनाव लडक़र पहली बार विधायक बने थे। विधायक बनने के बाद प्रभुदयाल गेहलोत ने अंतिम सांस तक अपना जीवन क्षेत्र की जनता पर न्योछावर किया । उनकी प्रेरणा और कार्य आज पार्टी के पदाधिकारियों सहित आम कार्यकर्ताओं को संबल प्रदान करते हैं। प्रभुदयाल गेहलोत के आदर्शों पर चलकर ही उनके पुत्र हर्ष विजय गेहलोत आम जनता के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। कार्यक्रम को पूर्व विधायक गेहलोत ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को पटवारी के रूप में ऐसा अध्यक्ष मिला है जो हमारे बीच से निकलकर और पूरे प्रदेश में कहीं भी जरूरत हो सबके लिए निरंतर तत्पर रहते हैं। हमें एक जुझारू अध्यक्ष मिला है। यह हमारे लिए और पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा प्रदान करने वाली बात है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी सहित अंचल के कार्यकर्ता मौजूद थे।
रतलाम में पटवारी बोले डाकुओं के भरोसे चुनाव जीतने की कोशिश
सैलाना विधानसभा में पूर्व मंत्री प्रभुदयाल गेहलोत के 90वें जयंती समारोह में शामिल होने से पूर्व सालाखेड़ी पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यहां पर मीडिया से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम रहते जिस भाषा का वह उपयोग करते हैं, लोकतंत्र को कलंकित करते हैं। उप चुनाव के पहले सामाजिक बैठकें लेकर उन्होंने कहा कि कुछ भी कराओ चुनाव जिताओ। विजयपुर चुनाव में प्रशासनिक मशनरी का दुरुपयोग कर डाकुओं का सहारा लिया है। पटवारी ने भाजपा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि डाकुओं के भरोसे चुनाव जीतने की कोशिश कर 11 गांव में उन्होंने गोलियां चलवाई है। पटवारी ने विजयपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कलेक्टर और एसपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हमने राज्य निर्वाचन आयोग को कलेक्टर व एसपी को हटाने को कहा है। लेकिन निर्वाचन आयोग ने ध्यान नहीं दिया। इन दोनों अधिकारियों ने भाजपा के लिए काम किया है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व नेता एवं भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत डाकुओं से गोलियां चलवा कर चुनाव जीतने की कोशिश की है। श्योपुर मुख्यालय पर हम 13 नवंबर-2024 को विरोध प्रदर्शन करेंगे।