रतलाम, वंदेमातरम् न्यूज। मान्यता चुनाव में कमजोर प्रदर्शन को लेकर वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन में बड़ा उलटफेर हो गया है। पुराने पदाधिकारियों द्वारा इस्तीफा देने के बाद महामंत्री जेआर भोसले ने मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन करना शुरू कर दिया है। इस बार हृदेश पांडे को मंडल अध्यक्ष बनाया गया हैं। अब तक यह पद नरेंद्र सिंह सोलंकी संभाल रहे थे। मंडल मंत्री की जिम्मेदारी दोबारा मनोहर सिंह बारठ को सौंपी गई है। इनके अलावा शैलेष तिवारी को कोषाध्यक्ष तथा हरीश चांदवानी व बत्तीलाल मीणा को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

4 जनवरी को महामंत्री मंडल पदाधिकारियों की मीटिंग लेकर गए थे। इसके बाद नियुक्ति कर दी। फिलहाल 10 पदाधिकारियों वाली कार्यकारिणी में से 5 की ही नियुक्ति हुई है। अगले सप्ताह तक बाकी सभी पदाधिकारियों की घोषणा हो जाएगी। नए मंडल अध्यक्ष पांडे लोको पायलट पैसेंजर है। मंडल में वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन 104 साल से कार्य कर रही है। यह पहला मौका है जब पूरी कार्यकारिणी द्वारा नैतिक जिम्मेदारी लेने के बाद उसे भंग किया गया। दरअसल चुनाव परिणाम के बाद से अब तक महामंत्री भोसले यहां आकर 3 मीटिंग कर चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि बड़ा उलटफेर होगा।