32.5 C
Ratlām
Saturday, October 26, 2024

MP HEALTH : टेक्नीशियन के भरोसे चलने वाले पैथोलॉजी केंद्र होंगे बंद

MP HEALTH : टेक्नीशियन के भरोसे चलने वाले पैथोलॉजी केंद्र होंगे बंद

– दो केंद्रों में ही सेवाएं दे सकेगा एक पैथोलॉजिस्ट

भोपाल, वंदेमातरम् न्यूज। मध्य प्रदेश में लगभग 20 वर्ष बाद एक बार फिर पैथोलॉजी केंद्रों पर कसावट होने जा रही है। अब बिना पैथोलॉजिस्ट के कोई भी जांच केंद्र संचालित नहीं होगा। एक पैथोलॉजिस्ट मात्र दो जांच केंद्रों में अपनी सेवाएं दे सकता है। इसमें एक तो उसका खुद का पैथोलॉजी केंद्र और दूसरा किसी और का हो सकता है। यदि खुद का केंद्र नहीं है, तो अन्य दो केंद्रों में वह सेवाएं दे सकता है। इसके अलावा सैंपल कलेक्शन सेंटर के लिए भी पैथोलॉजिस्ट अनिवार्य किया है। इससे मरीजों की जांच पर कसावट देखने को मिलेगी। इसके साथ ही डॉक्टरों की लैब पर सांठगांठ के खेल पर अंकुश लगेगा। पैथोलॉजिस्ट को 15 दिन के भीतर अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बताना होगा कि वह किन केंद्रों में सेवाएं दे रहे हैं या देना चाहते हैं।

लैब टेक्नीशियन के भरोसे चल रहे केंद्र

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अभी प्रदेश में बड़ी संख्या में पैथोलॉजी केंद्र लैब टेक्नीशियन ही चला रहे हैं। वह किसी पैथोलॉजिस्ट का डिजिटल सिग्नेचर जांच में प्रिंट कर देते हैं। जांच की गुणवत्ता भरोसे की नहीं होने के कारण नुकसान रोगी को होता है। कई बार दो अलग-अलग जांच केंद्रों की रिपोर्ट अलग-अलग होने की शिकायतें भी आती हैं। कुछ लैब टेक्नीशियन बिना डिजिटल सिग्नेचर के ही रिपोर्ट दे रहे हैं। कई अस्पतालों में भी पैथोलॉजिस्ट नहीं हैं। अब ऐसे केंद्र बंद हो जाएंगे।

21 साल पहले कोर्ट ने दी थी व्यवस्था

बता दें कि साल 2003 में एक याचिका पर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने यह व्यवस्था दी थी कि बिना पैथोलॉजिस्ट कोई भी जांच केंद्र संचालित नहीं होना चाहिए। इसके बाद तत्कालीन स्वास्थ्य आयुक्त रश्मि अरुण शमी ने आदेश जारी किया था कि एक पैथोलॉजिस्ट मात्र दो जांच केंद्रों में अपनी सेवाएं दे सकेगा। हालांकि, बाद में धीरे-धीरे इस व्यवस्था में शिथिलता आ गई। फिर लैब टेक्नीशियन्स के भरोसे ही पैथोलॉजी लैब चलने लगीं। बताते चलें कि वर्तमान में प्रदेश में ढाई हजार पैथोलॉजी केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों में पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री के निजी और सरकारी मिलाकर लगभग छह सौ डॉक्टर ही होंगे। 

Aseem Raj Pandey
Aseem Raj Pandeyhttp://www.vandematramnews.com
वर्ष-2000 से निरतंर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विगत 22 वर्षों में चौथा संसार, साभार दर्शन, दैनिक भास्कर, नईदुनिया (जागरण) सहित अन्य समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल वंदेमातरम् न्यूज के प्रधान संपादक की भूमिका का निर्वहन। वर्ष-2009 में मध्यप्रदेश सरकार से जिलास्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार के अलावा रतलाम प्रेस क्लब के सक्रिय सदस्य। UID : 8570-8956-6417 Contact : +91-8109473937 E-mail : asim_kimi@yahoo.com
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Copyright Content by VM Media Network